गोरखपुर 12 नवम्बर 2021
संजय कुमार की रिपोर्ट
पर्यटन/संस्कृति/इको टूरिज़्म के विकास के दृष्टिगत माह जनवरी 2022 में प्रस्तावित गोरखपुर महोत्सव के आयोजन के संबंध में मण्डलायुक्त रवि कुमार एन.जी ने आयुक्त सभागार में बैठक करके कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा की।
मण्डलायुक्त ने बैठक में बताया कि गोरखपुर महोत्सव का आयोजन चम्पा देवी पार्क, नुमाइश ग्राउंड एवं रामगढ़ताल में करने की योजना है। गोरखपुर महोत्सव में जनपद की लोक कलाओं एवं अन्य विधाओं के कलाकारों को एक मंच देने का भी कार्य किया जायेगा। गोरखपुर महोत्सव में पारम्परिक खेलकूद, प्रतियोगिताएं करायी जायेगी साथ ही माध्यमिक, उच्च माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा स्तर पर बच्चों के द्वारा विभिन्न कार्यक्रम तथा अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित होगी। इसके साथ ही शिल्प मेला एवं बालीवुड के कलाकारों के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इसके अलावा अपने क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले व्यक्तियों तथा साहित्य कला अध्ययन, पत्रकारिता, लेखन, लोक कला एवं सामाजिक कार्य से जुड़े हुए व्यक्तियों को भी सम्मानित किये जाने की योजना है।
मण्डलायुक्त ने यह भी कहा कि वृद्धा आश्रम में रह रहे लोंगो को भी बस द्वारा महोत्सव मे लाया जाये तथा उन्हें कार्यक्रमों के अवलोकनोपरान्त बस से पुनः उनके गंतव्य स्थान पर पहुचाया जाये। उन्होंने यह भी कहा कि अनाथ बच्चों के अन्दर टैलेन्ट बहुत होता है। अतः उनका प्रोग्राम कराकर उन्हें प्रशस्ति/उपहार दिया जाये ताकि उनके टैलेन्ट और विकसित हो सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विजय किरन आनन्द ने कहा कि गोरखपुर महोत्सव में सभी सम्बंधित अधिकारी अपने विभागीय प्रदर्शनी/स्टाल लगाये तथा स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करते हुए बालक-बालिकाओं के माध्यम से प्रतियोगिताए आयोजित की जाये। उन्होंने महोत्सव स्थल के समीप पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा, अनवरत विद्युत आपुर्ति, साफ सफाई, शुद्ध पेयजल, मोबाइल टायलेट आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को देते हुए कहा कि महोत्सव अवधि में कार्यक्रम स्थल पर महत्वपूर्ण जीवन रक्षक औषधि की व्यवस्था पर्याप्त करने के निर्देश सीएमओ को दिये।
बैठक के दौरान क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी ने बताया कि गोरखपुर महोत्सव के लिए मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित है जिसमें जिलाधिकारी उपाध्यक्ष, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी गण शामिल है। इसके अलावा अन्य कार्यों के लिए भी कई छोटी-छोटी उप समितियां भी बनाई जायेगी।
बैठक में जिलाधिकारी विजय किरन आनन्द, मुख्य विकास अधिकारी इन्द्रजीत सिंह, उपाध्यक्ष जीडीए प्रेमरंजन सिंह, मुख्य कार्यपालक अधिकारी गीडा पवन अग्रवाल, नगर आयुक्त अविनाश सिंह, अपर आयुक्त प्रशासन ए0के0 सैनी, एडीएम वि/रा राजेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के सम्बंधित अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ