✒️ *बच्चों की तरह बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए भी मिल सकता है अवकाश, बजट सत्र में लाया जा सकता है विधेयक*
देश में बुजुर्गों की बढ़ती संख्या के साथ ही उनकी देखभाल का भी एक बड़ा संकट खड़ा होने लगा है। खासकर ऐसे परिवार और बुजुर्ग, जिनकी इकलौती संतान होती है, वहां यह संकट और भी गंभीर हो जाता है। फिलहाल, बुजुर्गों की देखभाल से जुड़ी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय से जुड़ी संसद की स्थाई समिति ने बच्चों की देखभाल (चाइल्ड केयर) सहित दूसरे पारिवारिक दायित्वों के निर्वहन के लिए दिए जाने वाले अवकाशों की तरह सरकारी कर्मचारियों को बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए भी अवकाश देने की सिफारिश की है।इनमें ऐसे सरकारी कर्मियों को प्राथमिकता देने को कहा गया है, जिनके माता-पिता 80 वर्ष से ज्यादा के हैं या फिर वह दिव्यांग और गंभीर रूप से बीमार हैं। साथ ही, वह अपने माता- पिता की इकलौती संतान है। समिति ने इसके अलावा भी कई अहम सिफारिशें की है।
✒️ *हाउस रेंट अलाउंस के नियमों में आ चुका है बड़ा अपडेट, अब इनको नहीं मिलेगा हाउस रेंट अलाउंस*
वित्त मंत्रालय के तहत आने वाले व्यय विभाग ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए हाउस रेंट अलाउंस के नियमों को अपडेट किया है। अपडेटेड नियमों के अनुसार, कुछ मामलों में सरकारी कर्मचारी एचआरए के लिए पात्र नहीं होंगे।यदि किसी सरकारी सेवक के पति/पत्नी को सरकारी सेवक के रूप में एक ही स्टेशन में उपरोक्त किसी भी संस्था द्वारा आवास दिया गया है, और अगर कर्मचारी उस आवास में रहता है, या अलग से किराए पर रहता है।मकान किराया भत्ता
यह वेतनभोगी व्यक्तियों के लिए है जो किराए के घरों में रहते हैं। यह क्लॉज ऐसे आवास से संबंधित खर्चों के लिए है। यह तीन श्रेणियों में विभाजित है: X, Y और Z।
'X' 50 लाख और उससे अधिक जनसंख्या वाले क्षेत्रों के लिए है। सातवें केंद्रीय वेतन आयोग (सीपीसी) की सिफारिश के अनुसार यहां एचआरए 24% दिया जाता है।'Y' 5 लाख से 50 लाख के बीच आबादी वाले क्षेत्रों के लिए है। यह 16% पर दिया जाता है।'Z' उन शहरों में दिया जाता है, जहां जनसंख्या 5 लाख से कम हो। यह 8% पर दिया जाता है।
✒️ *राजकोट में चमके सूर्यकुमार यादव, 200 से अधिक स्ट्राइक रेट से ठोका टी-20 करियर का तीसरा शतक*
भारत और श्रीलंका के बीच राजकोट में खेले जा रहे टी-20 सीरीज के निर्णायक मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। बता दें कि टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने पहला विकेट जल्दी गंवाए जाने के बाद टीम इंडिया की पारी को संभाला और मैदान पर शानदार शॉट्स की बौछार लगाई। उन्होंने शानदार छक्के और चौके जड़कर अपना शतक पूरा किया। सूर्या ने 45 गेंदों का सामना करते दमदार शतक जड़ा। भारतीय टीम के 360 डिग्री खिलाड़ी के नाम से पहचाने जाने वाले सूर्यकुमार यादव ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच में शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया। सूर्या ने टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज ईशान किशन के जल्दी विकेट गंवाए जाने के बाद टीम की पारी को संभाला और शुभमन गिल के साथ शानदार साझेदारी की। बता दें कि सूर्या ने 26 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की, जिसमें 6 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। ये सूर्या के टी-20 इंटरनेशनल में 14वां अर्धशतक रहा।
✒️ *जवां के एक घर में घुसा तेंदुआ, 12 घंटे के रेस्क्यू में बेहोश कर पकड़ा तेंदुआ*
अलीगढ़ के जवां में तेंदुआ घुस आया है। उसने एक बच्चे के ऊपर हमला किया, जिससे बच्चा घायल हो गया। ग्रामीणों ने तेंदुआ को एक कमरे में बंद कर दिया है। पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंच गई है। 12 घंटे के रेस्कयू के बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ लिया।आज सुबह 8.30 बजे के लगभग कुछ ग्रामीण खेत में आग ताप रहे थे। उन्होंने गेंहू के एक खेत में कुछ हलचल देखकर 15 वर्षीय विशाल पुत्र गणेश को पशु भगाने के लिए भेजा। बच्चा जैसे ही खेत में पहुंचा, वहां पर तेंदुआ लेटा हुआ था। बच्चे ने तेंदुआ को एक पत्थर का टुकड़ा उठाकर मार दिया। तेंदुआ ने बच्चे पर हमला बोल दिया। जिससे बच्चा घायल हो गया। बच्चे की आवाज सुनकर ग्रामीण वहां पहुंचे। उन्हें देखकर तेंदुआ गांव की ओर भागा। कुछ दरवाजे बंद थे। प्रेम मुरारी पुत्र देवी शरण के एक कमरे का दरवाजा खुला हुआ था, तेंदुआ उसमें घुस गया। ग्रामीणों ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। उस घर के सदस्यों ने रसोईघर में बंद होकर अपनी जान बचाई।वन विभाग की टीम गांव में पहुंची। तेंदुआ काबू में न आने पर इटावा सफारी वाइल्ड लाइफ की टीम और अलीगढ़ मंडल के चारों जिलों के डीएफओ के निर्देशन में तेंदुए को पकड़ने के लिए प्रयास किया गया। टीम ने कमरे के बाहर से ही तेंदुआ को बेहोशी के इंजेक्शन दिए। जिससे तेंदुआ बेहोश हो गया। लगभग 12 घंटे के बाद रात आठ बजे तेंदुआ को बेहोश कर पकड़ा गया।मंडलीय वन अधिकारी अदिति शर्मा ने बताया कि तेंदुआ को पकड़ कर पिंजड़े में बंद कर दिया गया है। तेंदुआ को कहीं सुरक्षित जगह छोड़ने के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। वहां से जबाव आने पर ही तेंदुआ को छोड़ा जाएगा।
✒️ *सिविल लाइन क्षेत्र की महिला से आवास दिलाने के नाम पर 1.20 लाख रुपयेकी हुई ठगी*
अलीगढ़: सिविल लाइन क्षेत्र की महिला से आवास दिलाने के नाम पर 1.20 लाख रुपये ले लिए गए। महिला ने एसएसपी से शिकायत की है। हमदर्द नगर डी जमालपुर निवासी शहनाज ने शिकायत देकर कहा कि छह अगस्त 2020 को रोरावर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने आवास के नाम पर 1.20 लाख रुपये लिए थे। चार-पांच बीतने के बाद शहनाज ने रुपये मांगे तो टाल-मटोल करता रहा। जब उसके घर गई तो अभद्रता की और मारपीट को उतारू हो गए। थाने पर सुनवाई न होने पर एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
✒️ *क्वार्सी क्षेत्र में बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर घर में घुसे लुटेरे,की लूटपाट*
अलीगढ़ के क्वार्सी क्षेत्र के तालसपुर बंबे के पास आज तड़के हथियारबंद बदमाशों ने बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर लाखों रुपए की लूटपाट कर ली। विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दे डाली। लुटेरे दंपति को कमरे में बंद कर फरार हो गए। दंपति ने नाती के मुंडन के लिए रुपए जुटाए थे। सूचना मिलते ही सीओ समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।आज तड़के करीब चार बजे की है। तालसपुर बंवा निवासी सतीश चन्द्र वार्ष्णेय घर के पास ही प्रोवीजन स्टोर चलाते हैं। बेटा नोएडा स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। कमरे में सतीश चन्द्र व पत्नी सुमन लता सो रहे थे। तभी तीन लुटेरे घर के अंदर सीड़ियों के रास्ते घुस गए। एक लुटेरों ने दंपति के ऊपर तमंचा तान दिया। दो लुटेरों ने घर को खंगालना शुरू कर दिया। सतीश के विरोध करने पर लुटेरे गोली मारने की धमकी दे डाली। लुटेरे तसल्ली से घर के चप्पे-चप्पे को तलाशते रहे। लुटेरों ने अलमारी में रखे करीब डेढ़ लाख रुपए की नगदी व जेवरात समेत अन्य सामान निकाल लिया। करीब आधा घंटे तक लुटेरों ने घर में उत्पात मचाया। वारदात के बाद बदमाश दंपति को कमरे में बंद कर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद दंपति ने किसी तरह कमरे का दरवाजे खोला और शोर मचा दिया। शोर शराबा सुनकर आस पड़ोस के लोग आ गए। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। लूटे गए माल की कीमत लगभग छह लाख रुपए बताई जा रही है।
✒️ *महिला कर्मचारी ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप*
अलीगढ़। टोल प्लाजा पर काम करने वाली एक महिला कर्मचारी ने टोल के एक अधिकारी समेत चार लोगों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है।नगला नत्था निवासी महिला कर्मचारी ने बताया कि वह गभाना टोल प्लाजा पर तैनात है। एक जनवरी को वह कार्य कर रही थी। तभी बाहर निकलकर शौचालय की तरफ जा रही थी। आरोप है कि उसी समय टोल के एक अधिकारी तीन अन्य कर्मचारियों के साथ आए और गाली गलौज करने लगे। ये लोग शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाते है। जब वह ड्यूटी खत्म कर घर जाती है तो पीछा करते हैं और कॉमेंट करते हैं। प्रभारी निरीक्षक आदेशपाल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
✒️ *ठंड लगने से हुई किशोर की मौत, परिजनों ने उठाई मुआवजे की मांग*
अलीगढ़। थाना क्षेत्र के गांव आमामदापुर निवासी एक किशोर की शुक्रवार की रात मौत हो गई। परिजनों ने किशोर की मौत ठंड लगने के कारण होना बताया है। वहीं किशोर की मौत की सूचना पर नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली है। गांव आमामदापुर निवासी सलीम पुत्र बाबू खान ने बताया है कि बीती एक जनवरी को उसके भाई फकीर की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। मृतक भाई ने अपने पीछे पांच बच्चे व पत्नी रुखसाना को रोते बिलखते छोड़ा है। वहीं भाई फकीर की मौत होने के बाद उसका एक बेटा अलफैज अपनी बुआ के साथ सासनी चला गया था। जहां पिता की मौत के छठवें दिन अलफैज की तबियत खराब हो गई । तथा वहीं करीब 12 वर्षीय अलफैज की मौत हो गई। जिसपर परिजनों ने अधिकारियों को फोन से सूचना दी कि ठंड लगने से किशोर की मौत हो गई है। मामले की सूचना पर नायब तहसीलदार वीरेंद्र कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ गांव पहुंच कर पीड़ित परिवार के लोगों से बात की तथा ठंड से बचाव के लिए परिजनों को कम्बल वितरण करते हुए उन्हें मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
✒️ *क्वार्सी क्षेत्र में नाली के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, तीन घायल*
अलीगढ़। क्वार्सी थाना क्षेत्र के रजा नगर में शनिवार को नाली के विवाद में दो पक्षों में लाठी डंडे चल गए। मारपीट में दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। वही, दो लोगों को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मोहल्ला रजा नगर निवासी नईमुद्दीन की पड़ोस के ही एक युवक से नाली के विवाद को लेकर रंजिश चल रही है। शनिवार को पड़ोसी ने घर के बाहर खड़े होकर गाली गलोज शुरू कर दी। इस बात का नईमुददीन ने विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। बातों-बातों में ही मामला तूल पकड़ गया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग आ गए और मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में शाबिर, जावेद और शेर मोहम्मद घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को उपचार के लिए दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया है। इंस्पेक्टर पंकज मिश्रा ने बताया कि नाली के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई थी। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
✒️ *सिविल लाइन क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने कचहरी के कंट्रोल रुम के चटकाए ताले, पुलिस छानबीन में जुटी*
अलीगढ़ के कचहरी में आए दिन कुछ न कुछ घटनाएं होती आ रही है जिससे प्रशासन के सुरक्षा इंतजामों पर सवालियां निशान खड़ा होता जा रहा है । बीते दिनों कचहरी से एक अभियुक्त हथकड़ी खोलकर फरार हो गया था। तो वहीं आज कचहरी के कंट्रोल रुम में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इस चोरी की वहीं घटना ने पुलिस प्रशासन के सुरक्षा इंतजामों पर सवालियां निशान खड़े कर दिए हैं। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानवीन शुरू कर दी। वहीं सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात चोरों की छानवीन जारी है। वहीं एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सुबह सूचना मिली कि कचहरी के कंट्रोल रुम के ताले टूटे हुए पुलिस और फांरेसिंक टीम मौके पर पहुंची है,दीवानी न्यायालय में सर्वर रूम का ताला तोड़कर बैटरियां चोरी करने का मामला सामना आया है। दरअसल, दीवानी में परिवार न्यायालय के परिसर के पीछे प्रथम तल पर सीसीटीवी कैमरों की सर्वर रूम बना हुआ है। शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सर्वर रूम के ताले तोड़कर चोरी हुई है। इस संबंध में जिला न्यायालय के नाजिर सुशील कुमार की ओर से तहरीर दी गई है। इसमें बताया कि जंगला काटकर बैटरियां व एक पर्दा चोरी हुआ है। एसपी सिटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
✒️ *संस्कार भारती के बैनर तले महिलाओं को समाज के प्रति किया गया जागरूक*
समाज के प्रति महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से संस्कार भारती के बैनर तले एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं के साथ साथ छोटे छोटे बच्चों ने भी हिस्सा लिया। वही कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए महिलाओं ने एवं बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम की भी प्रस्तुति दी ।अलीगढ़ में संस्कार भारती के बैनर तले समाज के प्रति महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के साथ साथा छोटे-छोटे बच्चों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में फैल रही कुरीतियों से बचने के उपाय दिए गए । महिलाओं ने नाटक के मंचन के माध्यम से समाज में होने वाले पारिवारिक कलह को बखूबी दिखाया। कार्यक्रम में उपस्थित छोटे-छोटे बच्चों ने भी नृत्य के माध्यम से सभी के मन को मोह लिया। संस्कार भारती अलीगढ़ के बैनर तले कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं का परिचय सम्मेलन भी कराया गया।
✒️ *डीएम ने संपूर्ण समाधान दिवस में सुनी फरियादियों की शिकायत, कड़कती ठंड के आगे कम देखी गई फरियादियों की कतार*
अलीगढ़ में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन डीएम अलीगढ़ और एसएसपी अलीगढ़ की अध्यक्षता में किया गया जिसमें फरियादियों के द्वारा अपनी फरियाद अधिकारियों के सामने सुनाई गई जिसके बाद अधिकारियों के द्वारा अधीनस्थों को जरूरी दिशा निर्देश देते हुए शिकायतों का निस्तारण करने की बात कही है, दर असल पूरा मामला जिला अलीगढ़ के तहसील अतरौली का है जहां संपूर्ण समाधान दिवस में कड़कती ठंड के आगे फरियादियों की कतारें कम नजर आई डीएम अलीगढ़ का कहना है कि ठंड के कारण फरियादि कम दिखाई दे रहे है हर माह प्रत्येक तहसील में डीएम अलीगढ़ व एसएसपी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है जिससे फरियादियों को तमाम तरह की परेशानियों से निजात मिल सके आज भी अतरौली में राजस्व सहित अन्य तरह की शिकायतों को सुनकर उनका निस्तारण करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं।
✒️ *धूमधाम से मनाया गया विद्यालय का स्थापना दिवस*
जट्टारी। कस्बा जट्टारी स्थित पटेल स्मारक इंटर कॉलेज में शनिवार को विद्यालय का स्थापना दिवस मनाया गया।बता दें कि शनिवार को पटेल स्मारक इण्टर कॉलेज जट्टारी के स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय के स्काऊट्स और गाइड्स के छात्र-छात्राओं ने 900 वर्ग फीट में विशाल आकार की रंगोली बनाकर सभी को आकर्षित किया और इस अवसर सड़क सुरक्षा माह के अन्तर्गत अध्यापकों ने सभी बच्चो को सड़क के दौरान सुरक्षा के लिए जागरूक किया।इस अवसर पर प्रधानाचार्य रामगोपाल सिंह, प्रवक्ता कृष्ण मुरारी गुप्ता, पीटीआई सुन्दर सिंह, रामकुमार सिंह, क्षेत्रपाल सिंह, मनोज कुमार, सुबोध शर्मा व स्काउट ट्रेनर प्रदीप कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण व कर्मचारीगण मौजूद रहे।
✒️ *किसानों की मांगों को लेकर दिया ज्ञापन*
इगलास। शनिवार को किसानों की मांगों को लेकर संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. हरपाल सिंह ने विधायक राजकुमार सहयोगी एवं एसडीएम भावना विमल को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में छूट देने, अग्निपथ में सेवा का कार्यकाल पूर्ववत रखने, गौवंश की व्यवस्था कर किसानों की फसल की सुरक्षा कराने, निजी नलकूपों को सामान्य योजना के तहत जमा धनराशि के आधार पर जल्द से जल्द संयोजन देने, गेहूं का समर्थन मूल्य तीन हजार रुपये करने, इफको खाद की बिक्री निजी दुकानों से कराने की मांग शामिल हैं। इस मौके पर चौ. हरेंद्र सिंह, जयपाल सिंह फौजी, वीरेंद्र सिंह, गिर्राज स्वामी, पूरनमल, शिवशंकर आदि थे।
✒️ *मोबाइल चोरी को लेकर हुआ विवाद*
इगलास। कोतवाली क्षेत्र के गांव हैबतपुर निवासी शहरून पत्नी फिरोज खां का कहना है कि उसके परिवार के सभी लोग एक कार्यक्रम मे बाहर गए थे। इसी दौरान घर से मोबाइल चोरी हो गया है। इसको लेकर गांव के ही राकेश पुत्र हरीशंकर के घर शिकायत करने गए तो राकेश और उसके पिता ने मिलकर राजुद्दीन, नगीना के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। कोतवाली पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
✒️ *विशेष लोक अदालत 21 जनवरी को, सुलह समझौता के आधार पर होंगे निस्तारण*
अलीगढ़ में 21 जनवरी को जिला न्यायालय एवं वाणिज्यिक न्यायालय कलैक्ट्रेट में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। वहां न्यायालयों में लम्बित आरवीट्रेशन के निष्पादन वादों का निस्तारण आपसी सुलह समझौता के आधार पर किया जायेगा।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलीगढ के अध्यक्ष डॉ0 बब्बू सारंग के निर्देशन में 21 जनवरी को जिला न्यायालय अलीगढ़ एवं वाणिज्यिक न्यायालय कलैक्ट्रेट में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। वहां न्यायालयों में लम्बित आरवीट्रेशन के निष्पादन वादों का निस्तारण आपसी सुलह समझौता के आधार पर किया जायेगा।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव दिनेश कुमार नागर ने बताया कि सभी वादकारीगण 21 जनवरी को प्रातः 10 बजे जिला न्यायालय अलीगढ एवं वाणिज्यिक न्यायालय, कलेक्ट्रेट, में उपस्थित होकर अपने आरबीट्रेशन के निष्पादन वादों का निस्तारण आपसी सुलह समझौते के आधार पर करा सकते हैं।
✒️ *थाना बना भ्रष्टाचार का अड्डा गरीब किसान की कोई सुनवाई नही*
भारतीय किसान यूनियन भानु ने बांग का गांव विशतोली में विशाल किसान महापंचायत का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता वयोवृद्ध किसान शंकर पाल सिंह ने की तथा मुख्य अतिथि के रूप प्रदेश महासचिव डॉ शैलेन्द्र पाल सिंह रहे ।जहां पर किसानों ने प्रदेश महासचिव से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर प्रकाश डाला। जिसमे विशेष समस्या किसानों को अधिक मूल्य पर यूरिया मिलना व विजयगढ़ पुलिस द्वारा किसानों पर बिना जांच किए मुकदमा दर्ज करना व गरीबों की फरियाद न सुनना व सबसे बड़ा मामला 1 वर्ष पूर्व 300 बीघा गेहूं फसल आग लगने से बर्बाद का अभी तक कोई भी मुआवजा न मिलना व मौके का वरिष्ठ नेताओ व अधिकारियों का मुआयना होने के बाद भी किसानों को मुआवजा नहीं मिलना जैसी प्रमुख समस्याओं को भारतीय किसान यूनियन भानु के प्रदेश महासचिव डॉक्टर शैलेंद्र पाल सिंह व तमाम किसान नेताओ के संज्ञान मे लाया गया व थाना अध्यक्ष विजयगढ़ को मौके पर शिकायतों के निस्तारण हेतु ज्ञापन सौंपा। जिसमें 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया व किसान यूनियन के वरिष्ठ नेताओं व थाना अध्यक्ष विजयगढ़ ने महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यापर्ण किया वह भारी मात्रा में किसानों को भारतीय किसान यूनियन की सदस्यता ग्रहण कराई गया।कार्यक्रम का संचालन प्रतीक सिंह ने किया जबकि आभार चंद्रभान सिंह ने किया।पंचायत में मण्डल सचिव वीरपाल सिंह यादव,राजू ठाकुर, भास्कर पचौरी,ओंकार पंडित,आदित्य ठाकुर,डिप्टी सिंह अवनेंद्र सिंह, राजा पंडित,सरिता सिंह,भारत पंडित,कुलदीप जादौन,संजय सिंह, सोनू सिंह,कन्हैया सिंह जादौन,माधव सिंह भोला ठाकुर रवी ठाकुर आदि सहित सेकड़ो लोग उपस्थित रहे।
✒️ *पदाधिकारियों को दिलाई शपथ*
इगलास। हम सभी अपडेट रहें लाइब्रेरी जाइन करें, नियमित रूप से हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट की रूलिंग को पढ़कर वादकारियों को न्याय दिलाने में मदद करें। यह विचार शनिवार को दी सिविल एंड क्रिमिनल बार एसोसिएशन में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एडीजे प्रथम मुकेश अग्रवाल ने व्यक्त किए। उन्होंने आगे कहा कि बार व बैंच के मध्य संबंध प्रगाढ़ता हो यह आवश्यक है, वादकारी के हितों को ध्यान में रखें, हड़ताल से बचें। अध्यक्ष राकेश कुमार सिहं, उपाध्यक्ष चौ. सत्यभान सिंह, सचिव सुभाष चंद्र सारस्वत, संयुक्त सचिव दिनेश कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश भारती, कार्यकारिणी सदस्य विजय कुमार गोयल, हरिओम शर्मा, पूरन मल व मानिक चंद्र ने शपथ ग्रहण की। संचालन मुनेश कुमार सिंह ने किया। एसीजेएम महेंद्र कुमार, सिविल जज नितिन राठी के साथ ही जितेंद्र बधौतिया, डा. नवीन कुमार शर्मा, मुनेश कुमार, कांतीप्रसाद शर्मा, संजय उपाध्याय, मनोज कुमार सिंह, बाबूदत्त शर्मा, अनिल चौधरी, मदन गोपाल शर्मा, सत्यप्रकाश शर्मा, राकेश कुमार निम, दिनेश चंद्र शर्मा, गुलवीर सिंह आदि थे।
टिप्पणियाँ