एटा: कोतवाली नगर क्षेत्र में पतंग दुकानों पर चाइनीज मांझे की जांच, कार्रवाई की चेतावनी
एटा, एटा | 16 जनवरी 2026
कोतवाली नगर क्षेत्र में गुरुवार रात पुलिस द्वारा प्रतिबंधित चाइनीज मांझे और अन्य खतरनाक धागों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान जनहानि की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए चलाया गया, जिसमें पतंग की दुकानों को विशेष रूप से चेक किया गया।
थाना कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में पतंग बेचने वाली दुकानों पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि किसी भी दुकान पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा या खतरनाक धागा पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे केवल सुरक्षित और मानक के अनुरूप मांझा ही बिक्री करें, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। पुलिस ने यह भी कहा कि चाइनीज मांझा न केवल गैरकानूनी है, बल्कि यह आम जनता, खासकर दोपहिया वाहन चालकों और पक्षियों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
पुलिस की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा और कई दुकानों पर मांझे की बिक्री को लेकर सतर्कता देखी गई। पुलिस प्रशासन ने आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रखने की बात कही है।
रिपोर्टर: सुतेश कुमार

टिप्पणियाँ