एटा: दिनदहाड़े घर में घुसकर एक ही परिवार के चार लोगों की नृशंस हत्या, इलाके में दहशत

 




एटा जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला नगला प्रेमी में सोमवार को दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर एक ही परिवार के चार लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें चारों की मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना के समय घर पर चार लोग मौजूद बताए जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे कारोबारी खाना खाने के लिए घर आया था। उसके बाद दोपहर लगभग दो बजे जब कारोबारी का बेटा स्कूल से घर लौटा तो उसने घर के अंदर खून से लथपथ शव देखे। बताया जा रहा है कि कारोबारी के घर से जाने और बेटे के स्कूल से लौटने के बीच ही वारदात को अंजाम दिया गया।

मृतकों की पहचान गंगा सिंह (75), उनकी पत्नी श्यामा देवी (70), पुत्रवधू रत्ना देवी (42) और नातिन ज्योति (20) के रूप में हुई है। घटना के दौरान गंगा सिंह की पत्नी श्यामा देवी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थीं, जिन्हें सांस चलते देख पुलिस ने तत्काल मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी भेजा, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में लूटपाट की आशंका से इनकार किया गया है। परिजनों ने भी किसी प्रकार की रंजिश होने से इंकार किया है। मौके से खून से सनी इंटरलॉकिंग ईंट बरामद हुई है, जिससे सिर कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय मौके पर पहुंचे। कोतवाली नगर पुलिस के साथ डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। इस हृदयविदारक घटना के बाद मोहल्ले में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

रिपोर्टर: सुतेश कुमार

टिप्पणियाँ