एटा: नगला प्रेमी में चार हत्याओं का पुलिस ने किया खुलासा, मुख्य आरोपी कमल सिंह गिरफ्तार, डीआईजी ने दी
एटा: नगला प्रेमी में चार हत्याओं का पुलिस ने किया खुलासा, मुख्य आरोपी कमल सिंह गिरफ्तार, डीआईजी ने दी जानकारीकतवाली नगर क्षेत्र के नगला प्रेमी मोहल्ले में एक ही परिवार के
चार लोगों की निर्मम हत्या के मामले में एटा पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मंगलवार को एटा पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता के दौरान डीआईजी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि इस जघन्य हत्याकांड का मुख्य आरोपी मृतक गंगा सिंह का सगा बेटा कमल सिंह है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
डीआईजी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी कमल सिंह ने पारिवारिक विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। उसने सबसे पहले अपनी पत्नी की हत्या की, उसके बाद अपनी बेटी को मौत के घाट उतारा। इसके बाद अपनी मां और अंत में अपने पिता गंगा सिंह की हत्या कर दी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार, बाद में फोन पर संपर्क होने पर वह फिर घर वापस पहुंचा, जहां से उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी और शोक का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्टर: सुतेश कुमार
टिप्पणियाँ