दादा लाई भूमि पर कब्जे का आरोप, 75 वर्षीय बुजुर्ग ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

ग्रेटर नोएडा। जनपद Greater Noida के ग्राम हतेवा निवासी 75 वर्षीय जयपाल पुत्र रामपाल ने अपनी पैतृक (दादा लाई) भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित जयपाल का आरोप है कि गांव के ही निवासी दीवान तथा उसके परिवार के कुछ सदस्यों ने उनकी भूमि पर जबरन कब्जा कर लिया है। उनका कहना है कि भूमि विवाद को लेकर उन्हें और उनके पुत्र सत्यवीर को लंबे समय से परेशान किया जा रहा है। विरोध करने पर झूठे मुकदमों में फंसाने तथा विभिन्न प्रकार के दबाव बनाने की धमकियां भी दी जाती हैं।


जयपाल ने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष के कुछ सदस्य पुलिस एवं सुरक्षा सेवाओं में कार्यरत हैं, जिसके कारण उन पर प्रभाव का दबाव बनाया जाता है। पीड़ित परिवार का कहना है कि लगातार तनाव और भय के माहौल के चलते उनके पुत्र सत्यवीर को गांव छोड़कर बाहर किराए के मकान में रहना पड़ रहा है, जबकि बुजुर्ग जयपाल गांव में अकेले जीवन-यापन करने को मजबूर हैं।

परिवार का दावा है कि भय और असुरक्षा की स्थिति के कारण उनका सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है। उनका यह भी कहना है कि मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

इस मामले को लेकर गांव में चर्चाओं का दौर जारी है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर भूमि विवाद का समाधान कराने, कथित अवैध कब्जा हटवाने तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हुए क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता।

टिप्पणियाँ